Subscribe Us

Header Ads

झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे पीएम मोदी, रांची में रोड शो, बिरसा की जन्मभूमि पर गुजारेंगे तीन घंटे

रांची/झारखंड (Ranchi/Jharkhand), देसी खबर (Desi Khabar), 13 नवंबर 2023, सोमवार : पीएम नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय झारखंड दौरा 14 एवं 15 नवंबर को होगा। वह भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को खूंटी जाएंगे। इसके पहले वह 14 नवंबर को रांची में रोड शो करेंगे। पीएम का दौरा आगामी लोकसभा, छत्तीसगढ़ एवं झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम के ठीक दो दिन बाद 17 नवंबर को झारखंड के पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में विधानसभा की 70 सीटों पर वोट डाले जाने हैं। इस लिहाज से 15 नवंबर को खूंटी में होने वाले कार्यक्रम के दौरान वह छत्तीसगढ़ के मतदाताओं तक अपने तरीके से संदेश पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री 14 नवंबर की शाम को रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पहुंच जायेंगे। यहां आने के बाद वे रोड शो करेंगे। रोड शो के दौरान वे एयरपोर्ट से राजभवन जायेंगे। राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 15 नवंबर की सुबह वह रांची में बिरसा मुंडा मेमोरियल पार्क सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय जाएंगे।

इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से खूंटी जाएंगे और वहां सड़क मार्ग से भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू जाएंगे। वे यहां बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उनके वंशजों से मुलाकात करेंगे।इसके बाद खूंटी में एक जनसभा होगी।

पीएम के दौरे की तैयारी का जायजा लेने के लिए सोमवार को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने उलिहातू पहुंचे। उन्होंने यहां अफसरों के साथ बैठक भी की। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर 2,000 से ज्यादा पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।

पीएम के कार्यक्रम में सुरक्षा के साथ-साथ दूसरे इंतजामों में कोई कमी न रह जाये, इसके लिए झारखंड पुलिस अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। रांची और खूंटी के सभी कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर एसपीजी से लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय ने मिलकर तैयारी की है।