Jamui: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर गिद्धौर में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों की रही गूंज

जमुई/बिहार : भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न किए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर पूरे देश में जहां गर्व और उत्साह का माहौल है, वहीं बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोमवार देर शाम एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत पंचमंदिर से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई लॉर्ड मिंटो टावर चौक पर समाप्त हुई। रास्ते भर देशभक्ति के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। यात्रा का नेतृत्व भाजपा गिद्धौर मंडल अध्यक्ष राजा बाबू केशरी ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। यह केवल एक सैन्य ऑपरेशन नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्र के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है।"

भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष शंभू कुमार केशरी ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सिर्फ जीत का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और जागरूकता का संदेश है। उन्होंने कहा कि सेना की यह उपलब्धि प्रत्येक भारतवासी के लिए गर्व का विषय है।

इस यात्रा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार साव, महामंत्री शिवशंकर तांती, उपाध्यक्ष सच्चिदानंद झा, मंत्री दिगंबर झा, शक्ति केंद्र प्रमुख विकास कुमार सिंह (सोनू), आरएसएस खंड कार्यवाह डॉ. संजय मंडल, पूर्व जिला मंत्री अजय पासवान, भाजपा नेता कुणाल सिंह, गौतम सिंह, संतोष सिंह, राजेश मंडल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।

यह तिरंगा यात्रा गिद्धौर में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत कर गई। उपस्थित जनसमूह ने देश के शूरवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की और एक स्वर में भारत की रक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प दोहराया।
और नया पुराने