जलभराव और लगातार बरसात के बीच DM के निर्देश पर BSA ने जारी किया आदेश, CBSE-ICSE सहित सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू
चंदौली | 1 सितंबर 2026
चंदौली में लगातार हो रही बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 2 सितंबर को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
प्रशासन के निर्देश के मुताबिक 2 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए विद्यालयों में पठन-पाठन पूरी तरह स्थगित रहेगा। यह व्यवस्था जिले के परिषदीय और राजकीय विद्यालयों के अलावा मान्यता प्राप्त व सहायता प्राप्त स्कूलों पर भी लागू होगी।
CBSE-ICSE स्कूल भी आदेश के दायरे में
स्कूल बंद रखने का फैसला केवल बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों तक सीमित नहीं है। CBSE, ICSE और अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों में भी कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई 2 सितंबर को नहीं होगी। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के सभी संबंधित विद्यालयों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना होगा।
बच्चों की छुट्टी, कर्मचारियों की उपस्थिति जरूरी
विद्यार्थियों के लिए विद्यालय बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को स्कूल पहुंचना अनिवार्य किया गया है। उन्हें अपार ID, DBT, U-DISE और अन्य विभागीय कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों का उल्लंघन पड़ा भारी
BSA ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बारिश और जलभराव के कारण छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है।



