लखनऊ/उत्तर प्रदेश। राजधानी लखनऊ स्थित 32वीं पीएसी वाहिनी में शुक्रवार को सेना नायक प्राची सिंह ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन स्थल, बैरक और सीपीसी कैंटीन का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्राची सिंह ने वाहिनी परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं को भी देखा और जवानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और ज़मीनी हकीकत को जाना। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जवानों को बेहतर सुविधा और अनुशासित वातावरण प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सेना नायक के साथ पीएसी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर कैंपस में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। प्राची सिंह ने कार्यों की सराहना करते हुए और अधिक पारदर्शिता और तत्परता बरतने की बात कही।
निरीक्षण के बाद जवानों में उत्साह का माहौल देखा गया और इस दौरे को व्यवस्थाओं में सुधार के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Tags:
Uttar Pradesh