श्रावस्ती/उत्तर प्रदेश। जनपद के इकौना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-730 पर गोविदपुर मोड़ के पास एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक अधिवक्ता समेत दो लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक सवार एक महिला को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित हो गए, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार तेज गति से NH-730 पर जा रहे थे, तभी अचानक सड़क पर एक महिला आ गई। महिला को टक्कर से बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों में एक अधिवक्ता भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरे घायल का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
इकौना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#Shravasti #Accident #shravastipolice
Tags:
Uttar Pradesh

