जमुई/बिहार। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई द्वारा केकेएम कॉलेज स्थित ओबीसी छात्रावास परिसर में छत्रपति वीर शिवाजी महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और छात्रों ने शिवाजी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजन वीर शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की भावना को स्मरण करते हुए किया गया।
उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, रणनीति और दृढ़ संकल्प के बल पर एक सशक्त राज्य की स्थापना की। वक्ताओं ने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अखिलेश कुमार, सत्यम कुमार, गोलू कुमार, हरिनंदन कुमार, शिपु परिहार, अमित रंजन एवं शुभम कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। आयोजन के दौरान परिसर में देशभक्ति और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला।
Tags:
Bihar

