जमुई/बिहार। जिलांतर्गत खैरा प्रखंड क्षेत्र के कागेश्वर स्थित देव पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का परचम लहराते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों अमन कुमार (पिता: विपिन सिंह, माता: सोनी देवी), आशीष कुमार (पिता: भोला पंडित, माता: पार्वती देवी) एवं नंदनी कुमारी (पिता: जितेंद्र गुप्ता, माता: आशा देवी) ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
ग्रामीण परिवेश में संचालित एक छोटे विद्यालय के लिए यह उपलब्धि अत्यंत प्रेरणादायक मानी जा रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों ने जिस प्रकार से यह मुकाम हासिल किया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
विद्यालय के प्राचार्य एवं निदेशक राजेश कुमार साह ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष जहां केवल एक छात्र ने नवोदय परीक्षा में सफलता हासिल की थी, वहीं इस वर्ष तीन छात्रों का चयन होना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराएं तथा धैर्य और विश्वास बनाए रखें।
इस अवसर पर विद्यालय के सहयोगी शिक्षक आशु कुमार, श्रीराम पांडेय एवं सूरज भगत ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों का इस वर्ष चयन नहीं हो सका है, वे निराश न हों। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है और वर्ष 2027 में उनका परिणाम अवश्य बेहतर होगा। शिक्षकों ने छात्रों को आश्वस्त किया कि विद्यालय हमेशा उनके साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के शिक्षक शंभू सिंह, निवास पांडेय, विक्रम कुमार, सूरज कुमार, नारायण कुमार, सागर कुमार, मनोज कुमार, विनोद कुमार, श्रुति सिंह, शिवानी सिंह एवं रिंकी कुमारी भी उपस्थित रहे और सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं।
इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों द्वारा इस तरह की सफलता यह साबित करती है कि मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
Tags:
Bihar

