Jamui: ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, चकाई में सत्र 2025-26 का वार्षिक परिणाम समारोह संपन्न

जमुई/बिहार। जमुई जिले के चकाई प्रखंड स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, ताराखार में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक परिणाम घोषणा समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। इसके बाद नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के सफल विद्यार्थियों को मेडल एवं अंकपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे पूरा परिसर उत्साह और गर्व के माहौल से भर गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में निदेशक डॉ. सिन्हा ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यदि छात्र एकाग्रता और अनुशासन के साथ अध्ययन करें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि यहां के छात्र मेहनती और लगनशील होते हैं, जिन्हें यदि सही दिशा और अभिभावकों का सहयोग मिले, तो वे यूपीएससी, बीपीएससी, मेडिकल, इंजीनियरिंग, एनडीए और आईआईटी जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने महान व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए बताया कि निरंतर परिश्रम और समर्पण ही सफलता की कुंजी है। साथ ही उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण टिप्स साझा कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में शिक्षाप्रेमी भूपेंद्र कुमार सिन्हा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है। उन्होंने ‘रिजल्ट’ शब्द को परिभाषित करते हुए इसे पहचान, शिक्षा, श्रेष्ठता, आधुनिक सोच और प्रतिभा का प्रतीक बताया।

इस समारोह में प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा, शिक्षक अनंत सिंह, नरेंद्र कुमार सिन्हा, अजीत कुमार मंडल, रूबेन मुर्मू, बाबूलाल मरांडी, विक्रम सिन्हा, मनोज सिन्हा, प्रताप सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक कुमार सिन्हा ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य कृष्णदेव पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, वार्षिक परिणाम पाकर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए और अगली कक्षा में प्रवेश को लेकर उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
और नया पुराने