Jamui: बारिश के बीच अदा हुई ईद की नमाज, भाईचारे के साथ मना त्योहार

जमुई/बिहार। जिले में शनिवार को हल्की बारिश के बावजूद ईद का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में होती बारिश के बावजूद नमाजियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने के लिए जामा मस्जिद जमुई पहुंचे, जहां इस बार ईदगाह की तुलना में अधिक भीड़ देखने को मिली।

नमाज के दौरान नमाजियों ने देश में अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे माहौल में प्रेम और सौहार्द का संदेश फैल गया।

ईद के मौके पर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। नए परिधान पहनकर बच्चे खुशी-खुशी त्योहार का आनंद लेते नजर आए। वहीं, शहर के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही और खरीदारी को लेकर लोगों की भीड़ उमड़ती रही।

त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सॉरी चौक, थाना चौक, मधुबन तालाब चौक और वाहन बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ और एसडीओ ने स्वयं शहर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

प्रशासन की मुस्तैदी और आम लोगों के सहयोग से पूरे जिले में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहा। हल्की बारिश के बावजूद जमुई में ईद का पर्व शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जो जिले की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करता है।
और नया पुराने