Varanasi: काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालु को लौटाई गई अतिरिक्त जमा धनराशि, पंडा संजय पांडेय सम्मानित

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के प्रति एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मंदिर प्रशासन और पंडा समाज की संवेदनशीलता के चलते एक श्रद्धालु को गलती से जमा हुई अतिरिक्त धनराशि वापस कर दी गई। इस मानवीय पहल के लिए संबंधित पंडा को प्रशासन द्वारा सम्मानित भी किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रम्हदत्त शर्मा नामक श्रद्धालु अपने परिवार के साथ भगवान श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए धाम पहुंचे थे। उनके साथ पंडा समाज के सदस्य संजय पांडेय भी मौजूद थे, जो उन्हें सुगम दर्शन की व्यवस्था कराने में सहयोग कर रहे थे। नियमानुसार चार लोगों के लिए सुगम दर्शन हेतु 1200 रुपये शुल्क जमा करना था।

हालांकि ऑनलाइन भुगतान करते समय तकनीकी या मानवीय त्रुटि के कारण श्रद्धालु के खाते से 1200 रुपये के स्थान पर 10,659 रुपये मंदिर के खाते में जमा हो गए। इस अचानक हुए भुगतान के कारण श्रद्धालु के बैंक खाते में शेष राशि समाप्त हो गई, जिससे वह और उनका परिवार काफी चिंतित और परेशान हो गए।

परिवार की घबराहट को देखते हुए पंडा समाज के संजय पांडेय ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें मंदिर प्रशासन के कार्यालय में ले जाकर मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मुलाकात कराई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने श्रद्धालुओं की समस्या को गंभीरता से सुना और तत्काल मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।

जांच और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद यह पुष्टि हुई कि अतिरिक्त धनराशि वास्तव में गलती से जमा हुई थी। इसके बाद श्रद्धालु से प्रार्थना पत्र और बैंक विवरण प्राप्त कर सत्यापन किया गया तथा जमा की गई अतिरिक्त राशि उन्हें वापस कर दी गई। इस कदम से श्रद्धालु परिवार ने राहत की सांस ली और मंदिर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने पंडा समाज के सदस्य संजय पांडेय की सजगता, श्रद्धालुओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सहृदय व्यवहार की सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

धाम प्रशासन ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और संतोष को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। मंदिर न्यास ने भी पंडा समाज के सदस्य संजय पांडेय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवता और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

#banaras #kashivishwanath #harharmahadev #bholenath #shivbhakt
और नया पुराने