जमुई पहुंचे परिवहन मंत्री दामोदर रावत, JDU कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, नारों और काफिले से गूंजा माहौल

जमुई/बिहार। बिहार सरकार के परिवहन मंत्री माननीय दामोदर रावत के रविवार को जमुई आगमन पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मंत्री के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। जदयू जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो के नेतृत्व में सिकंदरा सीमा से ही कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां कर रखी थीं। मंत्री के काफिले के स्वागत में दर्जनों गाड़ियों की लंबी कतार निकाली गई और पूरे रास्ते जदयू समर्थकों द्वारा पार्टी एवं मंत्री के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए।

जैसे ही परिवहन मंत्री दामोदर रावत का काफिला जमुई पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं बुके देकर उनका अभिनंदन किया। जदयू कार्यालय परिसर में भी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। पूरे कार्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच अपने नेता का स्वागत कर उत्साह का परिचय दिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने कहा कि दामोदर रावत का मंत्री बनना जमुई सहित पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में परिवहन विभाग नई ऊंचाइयों को छुएगा तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने एवं सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने भी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

स्वागत कार्यक्रम में जदयू के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील वर्णवाल, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव अरुण भारती, विजय दास, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सोनू रावत, चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष दरोगी यादव, शिक्षा प्रकोष्ठ अध्यक्ष नीतीश कुमार, किसान प्रकोष्ठ के मनोज सिंह, खेल प्रकोष्ठ के दीपक कुमार तथा जमुई नगर अध्यक्ष राजेश वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इसके अलावा सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष, जमील अहमद, रामानंद सिंह, भीष्मदेव मंडल, सुभाष महतो सहित सैकड़ों की संख्या में जदयू कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

मंत्री के स्वागत को लेकर जमुई में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज रही। कार्यकर्ताओं का कहना था कि दामोदर रावत के मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और संगठन को भी मजबूती प्राप्त होगी।
और नया पुराने