सोनपुर (सारण), बिहार। रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सोनपुर मंडल के तीन रेलकर्मियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने इन रेलकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की।
सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में लोको पायलट मनोज कुमार, मालगाड़ी गार्ड रंजन कुमार सिंह तथा टेक्नीशियन-III (बरौनी) सुधीर कुमार शामिल हैं। इन तीनों रेलकर्मियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में असाधारण सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर डीआरएम अमित सरन ने कहा कि भारतीय रेलवे में रेल संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक रेलकर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण, सजगता और समय पर सही निर्णय लेने वाले कर्मचारी पूरे संगठन के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं।
उन्होंने सभी रेलकर्मियों से अपील की कि वे इसी प्रकार पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि रेल परिचालन पूरी तरह सुरक्षित, सुचारु और यात्रियों के लिए भरोसेमंद बना रहे।
रेल प्रशासन ने भी सम्मानित कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ और जिम्मेदार कर्मचारियों के कारण ही रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। इस सम्मान से अन्य रेलकर्मियों को भी अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।
Tags:
Bihar



