25 शादियों और करोड़ों की ठगी के आरोपी समधी पर बोले BJP विधायक, कहा- 'मेरी बेटी के साथ हुआ अन्याय'

सीतापुर/उत्तर प्रदेश। सीतापुर से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी पर 25 महिलाओं से शादी कर करोड़ों रुपये की कथित ठगी के आरोपों को लेकर पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को वह अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ फेसबुक लाइव पर आए और पूरे मामले पर भावुक होकर अपनी बात रखी।

'विधायक नहीं, एक पिता के रूप में बोल रहा हूं'

फेसबुक लाइव के दौरान ज्ञान तिवारी ने कहा कि वह किसी जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक पिता के रूप में अपनी बेटी के लिए बोल रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को एमबीबीएस डॉक्टर बनाया और वर्ष 2024 में उसकी शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से कराई। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि अनुज त्रिवेदी पर कई महिलाओं से अलग-अलग नामों से शादी कर ठगी करने के गंभीर आरोप हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।

'अगर बेटी चाहेगी तो दर्ज कराऊंगा एफआईआर'

विधायक ने कहा कि उनका परिवार खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ अन्याय हुआ है और यदि उनकी बेटी चाहेगी तो वह स्वयं भी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। उन्होंने अनुज त्रिवेदी को "दुष्ट व्यक्ति" बताते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान विधायक भावुक हो गए, जबकि उनकी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी की आंखों से भी आंसू छलक पड़े।

महाराष्ट्र पुलिस ने किया था गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस ने 24 मई 2026 को अनुज त्रिवेदी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया था। उस पर वैवाहिक विज्ञापनों के माध्यम से 25 महिलाओं से शादी कर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है। फिलहाल वह महाराष्ट्र की जेल में बंद है। मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है। अनुज त्रिवेदी पर लगे आरोपों की जांच जारी है। अंतिम सत्यता का निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगा।
और नया पुराने