बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। जिले के गुलावठी कस्बे में स्थित मनोहर टी शॉप पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने मंगलवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई दुकान पर कथित रूप से नशीली चाय बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद की गई।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने दुकान से चाय का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। टीम ने दुकान पर उपलब्ध खाद्य सामग्री और स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की।
FDA अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चाय में किसी प्रकार का नशीला या प्रतिबंधित पदार्थ मिलाया गया था या नहीं। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Tags:
Uttar Pradesh



