प्रयागराज के अपर जिलाधिकारी नगर अब संभालेंगे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का पद
वाराणसी। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए पांच अधिकारियों के स्थानांतरण और नई जिम्मेदारियों से संबंधित आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद पर नई नियुक्ति की गई है।
शासनादेश के अनुसार प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात सत्यम मिश्रा को अब मुख्य कार्यपालक अधिकारी, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद, वाराणसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
काशी विश्वनाथ धाम की व्यवस्थाओं की होगी जिम्मेदारी
सत्यम मिश्रा की नई तैनाती ऐसे समय हुई है जब काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और मंदिर क्षेत्र में विभिन्न विकास एवं विस्तार कार्य चल रहे हैं।मुख्य कार्यपालक अधिकारी के रूप में उनके अधीन मंदिर प्रशासन, श्रद्धालु सुविधाओं, विशिष्ट क्षेत्र के विकास कार्यों और संबंधित व्यवस्थाओं का समन्वय रहेगा।
प्रशासनिक फेरबदल में इन अफसरों के नाम भी शामिल
शासन की ओर से जारी सूची में अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
मंगलेश दुबे को उपसंचालक चकबंदी, प्रयागराज (स्थानांतरणाधीन) के पद से अपर जिलाधिकारी (नगर), प्रयागराज का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
अरविन्द कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), फिरोजाबाद को संयुक्त सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण के पद पर नियुक्त किया गया है।
सीमा पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), फिरोजाबाद बनाया गया है।
वहीं, अभय कुमार पाण्डेय के संबंध में पूर्व में जारी आदेश में संशोधन किया गया है। कासगंज के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पद पर किया गया उनका स्थानांतरण निरस्त करते हुए उन्हें कानपुर विकास प्राधिकरण, कानपुर में ही बनाए रखने का निर्णय लिया गया है।
बाबा विश्वनाथ धाम के प्रशासन में अहम बदलाव
काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के CEO पद पर सत्यम मिश्रा की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। धाम में बढ़ती सुविधाओं और विकास परियोजनाओं के बीच नई जिम्मेदारी के साथ मंदिर क्षेत्र के प्रशासनिक कामकाज को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।



