पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनके सरपरस्तों को हमने किया नेस्तनाबूत : राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, 9 अगस्त 2026। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहलगाम में धर्म पूछकर निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाले कायराना आतंकी हमले के बाद भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनके सरपरस्तों को नेस्तनाबूत किया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से दुनिया को स्पष्ट संदेश गया कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।

‘सिंदूर’ महारक्तदान यात्रा में पहुंचे रक्षा मंत्री

राजनाथ सिंह रविवार को दिल्ली कैंट स्थित सेना के बेस अस्पताल में आयोजित विशेष ‘सिंदूर’ महारक्तदान यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रक्तदान को मानवता, करुणा और राष्ट्रप्रेम से जुड़ा महादान बताया।

उन्होंने कहा कि रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री या प्रयोगशाला में नहीं हो सकता। यह केवल स्वस्थ मानव शरीर में बनता है और एक इंसान ही दूसरे इंसान को रक्त देकर उसका जीवन बचा सकता है। यही कारण है कि रक्तदान सभी दानों में सर्वोपरि है।

एक हजार यूनिट रक्त का भंडार समर्पित

आयोजन में सांगली से आए सैकड़ों खिलाड़ियों सहित अन्य लोगों ने करीब एक हजार यूनिट रक्तदान कर इसे भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों के लिए समर्पित किया। रक्षा मंत्री ने खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता के साथ उनकी करुणा और सेवा भावना की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि यह रक्त भंडार जरूरत के समय जवानों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच बनेगा। उन्होंने इसे राष्ट्र के प्रति विश्वास और सेवा का प्रतीक बताया।

रक्तदान को संस्कृति बनाने की अपील

रक्षा मंत्री ने नागरिकों, खासकर युवाओं से रक्तदान को केवल किसी आयोजन तक सीमित न रखकर इसे एक संस्कृति बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक देश का लक्ष्य केवल विकसित अर्थव्यवस्था बनना नहीं, बल्कि एक संवेदनशील, स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण भी होना चाहिए।

फिट भारत से स्वस्थ समाज का संकल्प

राजनाथ सिंह ने युवाओं से प्रधानमंत्री के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के विजन का अनुसरण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जितना अधिक व्यक्ति फिट रहेगा, उतना ही वह समाज के लिए उपयोगी बनेगा और रक्तदान जैसे पुनीत कार्यों में योगदान दे सकेगा।
और नया पुराने