गली पिट और सीवर चैंबर से कचरा हटाया गया, कई इलाकों में जल निकासी हुई बेहतर; शिकायत मिलते ही पहुंच रही निगम की टीम
वाराणसी | 30 अगस्त 2026
वाराणसी में लगातार बदलते मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। जलभराव से लेकर सड़क पर पेड़ गिरने तक की समस्याओं से निपटने के लिए निगम की टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार काम कर रही हैं।महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गली पिट और सीवर चैंबर की सफाई कराई जा रही है। चैंबर में जमा प्लास्टिक और कूड़ा हटाकर पानी के बहाव को सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।
नालियों के रास्ते से हटाए जा रहे अवरोध
बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए निगम की टीमें ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दे रही हैं जहां जल निकासी प्रभावित होने की आशंका है। गली पिट और सीवर चैंबर में जमा कचरा निकालने के बाद कई जगहों पर पानी की निकासी सामान्य होने की जानकारी दी गई है।निगम प्रशासन के अनुसार शहर के अधिकांश प्रमुख और निचले इलाकों में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
जहां पेड़ गिरे, वहां पहुंची टीम
बारिश और तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ या उनकी डालियां गिरने की शिकायतें भी मिलीं। नगर निगम ने इन मामलों में भी तेजी से कार्रवाई की।
कमिश्नर आवास पर गिरे पेड़ को काटकर हटाया गया। वहीं सुंदरपुर रोड, भिखारीपुर और मैदागिन चौराहे पर सड़क पर पड़ी पेड़ों की डालियों को हटाया गया। बंशीधर अपार्टमेंट, सिगरा के पास भी पेड़ की कटिंग हटाने का काम किया गया।
कंट्रोल रूम की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों और फील्ड कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कंट्रोल रूम में आने वाली जलभराव और पेड़ गिरने से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के साथ जरूरत वाले स्थानों पर टीम और संसाधन भेजे जा रहे हैं।
प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों पर नजर
नगर निगम प्रशासन ने बारिश को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और जलभराव संभावित निचले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई है। उद्देश्य है कि बारिश के कारण यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।नगर निगम का कहना है कि मौसम सामान्य होने तक फील्ड टीमें सक्रिय रहेंगी और किसी भी शिकायत पर तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान कराया जाएगा।



