वाराणसी/उत्तर प्रदेश | 18 अगस्त 2026 : वाराणसी में फार्मर रजिस्ट्री अभियान को रफ्तार देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। किसानों को डिजिटल रिकॉर्ड से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चल रहे अभियान की मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने समीक्षा की। उन्होंने देईपुर ग्राम पंचायत सचिवालय में लगाए गए फार्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण कर मौके पर व्यवस्थाओं और प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान CDO ने कैंप में मौजूद कर्मचारियों से किसानों की Farmer ID तैयार करने की स्थिति की जानकारी ली। संबंधित लेखपाल सतीश चंद्र ने बताया कि देईपुर की खतौनी में 177 गाटे दर्ज हैं, जबकि खातेदारों की संख्या 157 है। अब तक 60 किसानों की Farmer ID तैयार की जा चुकी है।
बाकी किसानों की ID बनाने के लिए चलेगा विशेष अभियान
प्रगति की समीक्षा करते हुए CDO प्रखर कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र किसानों की Farmer ID अभी नहीं बनी है, उन्हें चिन्हित कर विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 अगस्त 2026 तक सभी पात्र किसानों की Farmer ID बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए।
किसानों से सीधे संपर्क करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि केवल कैंप में किसानों के आने का इंतजार न किया जाए। जिन किसानों की ID लंबित है, उनसे संपर्क कर उन्हें ग्राम पंचायत सचिवालय में संचालित कैंप तक लाया जाए और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अभियान में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
देईपुर में फार्मर रजिस्ट्री अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 157 खातेदारों में 60 की Farmer ID तैयार, बाकी के लिए विशेष अभियान।
Tags:
Uttar Pradesh




