IOCL Recruitment 2026: 470 एग्जीक्यूटिव पदों पर भर्ती, 3 सितंबर तक आवेदन का मौका

नई दिल्ली, 17 अगस्त। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कंपनी ने विभिन्न विषयों और ग्रेड में एग्जीक्यूटिव के 470 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 3 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

अलग-अलग पदों पर होंगी नियुक्तियां

आईओसीएल की इस भर्ती में ग्रेजुएट इंजीनियर, डिप्लोमा इंजीनियर, ऑफिसर (मार्केटिंग), लॉ ऑफिसर और सहायक गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी के पद शामिल हैं।

ग्रेजुएट इंजीनियर के लिए सिविल में 62, केमिकल में 16, इलेक्ट्रिकल में 75, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में 32, मैकेनिकल में 118, इंस्ट्रूमेंटेशन में 35, कंप्यूटर साइंस एवं आईटी में 21, कानून में 10 और मार्केटिंग में 41 पद हैं। इसके अलावा गुणवत्ता नियंत्रण के 9, इलेक्ट्रिकल के 14, मैकेनिकल के 21 और सुरक्षा के 15 पद निर्धारित हैं।

3 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

शैक्षणिक योग्यता क्या है?

पद के अनुसार उम्मीदवार के पास बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री, एमबीए अथवा बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा, कानून में स्नातक डिग्री, संबंधित विषय में मास्टर डिग्री या इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। कई पदों के लिए न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक और संबंधित क्षेत्र में निर्धारित कार्य अनुभव भी जरूरी है।

आयु सीमा अलग-अलग

ग्रेजुएट इंजीनियर और डिप्लोमा इंजीनियर पदों के लिए अधिकतम आयु 26 वर्ष, ऑफिसर पद के लिए 28 वर्ष तथा लॉ ऑफिसर और सहायक गुणवत्ता नियंत्रण अधिकारी के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित है। आयु की गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

परीक्षा और चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन, ग्रुप टास्क और व्यक्तिगत साक्षात्कार के जरिए किया जाएगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा 15 सितंबर को आयोजित होने की संभावना है। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भी निर्धारित समय के आसपास आईओसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा सकते हैं।

30 हजार से 1.60 लाख रुपये तक वेतन

चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 30,000 रुपये से 1,60,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी के नियमों के अनुसार विभिन्न भत्ते और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आईओसीएल की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और पदवार योग्यता, अनुभव, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न तथा अन्य शर्तों की पुष्टि करने के बाद ही आवेदन करें।
और नया पुराने