जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 29 अगस्त 2026, शनिवार : शहर में शनिवार की सुबह एक सात वर्षीय बच्ची का शव अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची शुक्रवार की शाम किराना सामान लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की। शनिवार की सुबह बच्ची का शव उसके घर से करीब 50 फीट की दूरी पर एक निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के पास मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बच्ची के पिता के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब 5.30 बजे उनकी सात वर्षीय बेटी राशन का सामान लेने के लिए घर से निकली थी। शाम आठ बजे तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों, परिचितों और रिश्तेदारों के यहां भी बच्ची को खोजा गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने बताया कि रात में पंचायत भी बुलाई गई और ग्रामीणों के सहयोग से रातभर बच्ची की तलाश की जाती रही।
बच्ची के पिता ने बताया कि वह बाहर नौकरी करते हैं और पिछले दो-तीन महीने से गांव में रहकर काम कर रहे हैं। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे काम से घर लौटे थे। इसके बाद जानकारी मिली कि उनकी बेटी घर नहीं लौटी है। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रातभर उसकी खोजबीन की। शनिवार सुबह वे बच्ची के लापता होने की सूचना देने के लिए टाउन थाना जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी फुफेरी बहन ने फोन कर बच्ची का शव मिलने की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद बच्ची के पिता अपने बड़े बेटे के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के पास बच्ची का शव पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार, यह स्थान उनके घर से करीब 50 फीट की दूरी पर ही है। बच्ची के पिता ने बताया कि जिस भवन की बाउंड्री के पास शव मिला है, उसे स्थानीय स्तर पर जी पार्क टेलर के नाम से सोनू की बिल्डिंग बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भवन के पीछे उनके बड़े भाई का भी घर है और रात में उन्होंने वहां भी बच्ची की तलाश की थी, लेकिन उस समय बच्ची वहां नहीं मिली थी।
परिजनों ने बच्ची के साथ गलत काम किए जाने के बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। बच्ची के पिता ने उसके गले पर निशान होने की बात कही है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने बच्ची के साथ गलत काम करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के पास छोड़ दिया।
वार्ड पार्षद ने बताया कि बच्ची के गुम होने की सूचना शुक्रवार की शाम ही मिल गई थी। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर काफी खोजबीन की गई, लेकिन रात में बच्ची का पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह मोहम्मद शफीफ के अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के अंदर बच्ची का शव बरामद हुआ। पार्षद ने भी बच्ची के साथ गलत काम किए जाने के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक चप्पल भी बरामद किया है, जिसे जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बच्ची के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों और घटनास्थल तक पहुंचने के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि शुक्रवार को लापता हुई बच्ची का शव शनिवार को निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के पास मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को जांच के लिए लगाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मौके से एक चप्पल बरामद हुई है, जिसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वैज्ञानिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच आक्रोश और दहशत का माहौल है। फिलहाल बच्ची की मौत के वास्तविक कारण और घटना में शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट के बाद मौत के कारण तथा परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Tags:
Bihar



