जमुई/बिहार। ‘साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई’ के बैनर तले रविवार को 556वीं साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के क्रम में जमुई प्रखंड के सिरचंद नवादा वार्ड संख्या आठ में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छह सदस्यीय साइकिल यात्रियों के दल ने नवल कुमार की निजी जमीन पर 20 पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
मौके पर सदस्यों ने कहा कि मानव को प्रकृति की ओर से मिला सबसे अनमोल और नि:शुल्क उपहार वायु है। वायु सभी जीवों के जीवन का आधार है। मनुष्य कुछ समय तक भोजन और पानी के बिना रह सकता है, लेकिन वायु के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। इसलिए स्वच्छ वायु और संतुलित पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की आवश्यकता है।
मंच के सदस्य संदीप रंजन ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की समस्या का समाधान सामूहिक प्रयास से ही संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार पौधारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखने का भी संकल्प लेना चाहिए। केवल पौधे लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके पेड़ बनने तक नियमित देखभाल करना भी जरूरी है।
हरेराम सिंह ने कहा कि प्रदूषण आज एक गंभीर समस्या बन चुका है। इसे एक दिन में समाप्त करना संभव नहीं है, लेकिन अपनी सोच और जीवनशैली में बदलाव लाकर छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। सामूहिक प्रयासों से भारत को फिर से स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
सदस्य अजीत कुमार ने कहा कि अपने आसपास के वातावरण को दूषित या खराब करना ही प्रदूषण है। आज प्रदूषण इतना व्यापक हो चुका है कि दैनिक जीवन के छोटे-बड़े कार्यों के दौरान लोग जाने-अनजाने पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया तो इसका प्रतिकूल प्रभाव वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ेगा। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझकर अपनाना होगा।
Tags:
Bihar



