जमुई/बिहार। पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को बरहट प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध पतनेश्वर धाम में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आयोजित विशेष श्रृंगार पूजा में भी सहभागिता निभाई।
मंदिर के पुजारी मानस एवं बालाजी ने पुराणोक्त विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विशेष श्रृंगार एवं पूजन कराया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण से सराबोर रहा। मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा-अर्चना के उपरांत परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने भगवान शिव से राज्य और समाज के कल्याण के लिए भी प्रार्थना की।
इस अवसर पर पतनेश्वर धाम मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला। मौके पर मंदिर के मुख्य पुजारी राजीव पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि किऊल नदी के तट पर स्थित पतनेश्वर धाम जमुई जिले का एक प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक शिव मंदिर है। यहां श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। सावन मास, पूर्णिमा एवं अन्य विशेष धार्मिक अवसरों पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाता है, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव का दर्शन और पूजन करते हैं।
Tags:
Bihar




