Jamui: विकास कार्यों की समीक्षा, सांसद अरुण भारती ने अधिकारियों को तेजी लाने का दिया निर्देश

जमुई। जमुई सांसद अरुण भारती ने जिलाधिकारी नवीन कुमार के साथ जमुई परिषद में बैठक कर जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में किसानों से जुड़े सिंचाई एवं पटवन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क सहित अन्य विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद ने जिले के समग्र विकास को लेकर झाझा, सोनो, बटिया और चकाई रेलवे लाइन से संबंधित जमीनी प्रतिवेदन की भी जानकारी ली।

बैठक के दौरान एनएच-333ए के कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। सांसद ने सड़क निर्माण एवं संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बरनार जलाशय योजना की प्रगति को भी तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि इसकी रूपरेखा जल्द तैयार हो, ताकि कार्य शुरू करने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

सांसद ने जमुई में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया। खैरा प्रखंड स्थित गिद्धेश्वर धाम की शिवगंगा के जीर्णोद्धार को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने लछुआड़, खैरा, गढ़ी डैम, गिद्धेश्वर मंदिर सहित जिले के अन्य प्रमुख स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई। इसके लिए संबंधित विभागीय मंत्रियों से मिलकर योजनाओं को गति देने की बात कही।

सांसद अरुण भारती ने कहा कि जिले के विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चिन्हित किया जाएगा। उक्त जानकारी लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह एवं मीडिया प्रभारी अनिल सिंह ने दी।
और नया पुराने