Jamui: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर थाना पदाधिकारियों की बैठक आयोजित

जमुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह के निर्देश पर आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जिले के सभी थाना पदाधिकारियों की बैठक हुई। अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दिलीप कुमार राय ने की। प्राधिकार की सचिव मंजू श्री कुमारी ने बैठक के आयोजन में सहयोग किया।

बैठक में थाना पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जारी नोटिस का संबंधित पक्षकारों को शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक थाना में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया, जो लोक अदालत के लिए समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे।

राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए थाना परिसर में फ्लेक्स-बैनर लगाने, हेल्प डेस्क के माध्यम से आम लोगों को आपसी सहमति से मामलों के निष्पादन के प्रति जागरूक करने तथा गश्ती वाहनों के माध्यम से प्रचार करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यातायात चालान से जुड़े मामलों के निष्पादन पर भी चर्चा हुई। यातायात पुलिस को संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजने और प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने पुलिस पदाधिकारियों से जनहित में सक्रिय सहयोग करते हुए लोगों को निशुल्क वाद निष्पादन के लिए प्रेरित करने की अपील की।

सचिव मंजू श्री कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत को जनसुलभ और उपयोगी बनाने में पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी थाना प्रभारियों ने सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
और नया पुराने