यूपी में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’ की शुरुआत, 4.19 करोड़ परिवारों तक पहुंचेगा सरकार का संदेश


PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को केंद्र में रखकर महीनेभर चलेगा अभियान, वाराणसी से वडनगर तक विशेष यात्रा; 25 लाख लाभार्थियों की कहानियां बनेंगी डिजिटल रील

लखनऊ | 10 सितंबर 2026

उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा को केंद्र में रखते हुए यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के जरिए सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को गांव से लेकर शहर तक पहुंचाने की तैयारी है।

4.19 करोड़ परिवार होंगे अभियान से सीधे जुड़े

सरकार ने अभियान के तहत प्रदेश के 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। इनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 68 लाख शहरी परिवार शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में जाकर तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल भी मौजूद रहे।

‘सेवा दिवस’ से होगा आगाज

17 सितंबर को अभियान की शुरुआत ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम सात बजे सेवा गतिविधियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। लाभार्थी परिवारों और प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे।

इसी दिन विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विधानसभा स्तर पर विश्वकर्मा पूजन और शिल्पकारों को टूलकिट वितरण का कार्यक्रम होगा।

स्कूलों में प्रतियोगिता, गांवों में नुक्कड़ नाटक

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और डिबेट प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा।

वहीं ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटकों के जरिए सरकार की योजनाओं और विकास की कहानी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’

25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा।

इसके अलावा हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और पोषण-स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

25 लाख लाभार्थियों की कहानी सोशल मीडिया पर

अभियान में डिजिटल प्लेटफॉर्म को भी खास तवज्जो दी गई है। 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव की 60 सेकंड की वास्तविक कहानियां रील के रूप में साझा करने का लक्ष्य रखा गया है।

आवास, स्कूल, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और विश्वविद्यालयों जैसी परियोजनाओं के साथ सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां भी डिजिटल माध्यमों पर दिखाई जाएंगी।

150 इन्फ्लुएंसर्स दिखाएंगे यूपी का विकास

‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ के तहत 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्टर्स और व्लॉगर्स को प्रदेश की प्रमुख विकास परियोजनाओं का भ्रमण कराया जाएगा।

इनके जरिए विकास परियोजनाओं की ‘पहले और बाद’ की तस्वीर जनता के सामने रखने की योजना है।

वाराणसी से वडनगर तक निकलेगी यात्रा

अभियान का एक खास आकर्षण वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित विशेष यात्रा होगी। योजना के तहत 250 बाइक और 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर जाएंगे। यात्रा के लिए 20 टोलियां अलग-अलग मार्गों से रवाना होंगी।

काशी और वडनगर के पवित्र जल से काशी विश्वनाथ और हाटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।

25 सेवा गतिविधियों में भाग ले सकेंगे नागरिक

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के जरिए लोगों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा सहयोग, जल संरक्षण, नशामुक्ति, पोषण, साइबर सुरक्षा और दिव्यांगजन सहयोग समेत 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर ‘माई भारत पोर्टल’ पर फोटो या वीडियो अपलोड करने वाले प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र दिए जाने की योजना है।

युवाओं को मिलेगा इनोवेशन का मंच

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में विद्यार्थी, युवा, स्टार्टअप, प्रोफेशनल और इनोवेटर्स अपने नए विचार और समाधान पेश करेंगे।

विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, ITI और पॉलीटेक्निक संस्थानों में ओरिएंटेशन, प्रदर्शनी, लाइव डेमो और युवा संवाद होंगे।

17 अक्टूबर को होगा समापन

महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इसमें ग्राम प्रधान से लेकर सांसद तक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होगी।

प्रमुख स्मारकों और पर्यटन स्थलों पर लेजर शो, तीर्थस्थलों और शक्तिपीठों में महायज्ञ, पुस्तकालयों के लोकार्पण और ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनसंकल्प बनाने का अवसर है।

और नया पुराने