औचक निरीक्षण में कई जगह कूड़े के ढेर मिले, खराब सीवर और टूटी गलियों पर नगर निगम अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश
वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने बुधवार को वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बिना पूर्व सूचना के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही में पहुंचे मंत्री को कई स्थानों पर कूड़ा जमा मिला। इसके अलावा सीवर और जलनिकासी की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि शहर में सफाई और नागरिक सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टकटकपुर से मीरापुर बसही तक गंदगी का अंबार
प्रभारी मंत्री के निरीक्षण में टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने कूड़ा जमा मिला। अनौला क्षेत्र में अमर पुष्प कुंज के सामने भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई।
इसके अलावा अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग और श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने भी सड़क किनारे कूड़े का ढेर मिला। इन स्थानों पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होने पर मंत्री ने जिम्मेदार अधिकारियों से जानकारी ली।
सीवर खराब होने से खाली भूखंड में जा रहा गंदा पानी
मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर लाइन खराब मिली। सीवर का गंदा पानी पास के खाली भूखंड में पहुंच रहा था, जहां पहले से कूड़ा जमा था।
मौके की स्थिति देखकर मंत्री ने अधिकारियों को जलनिकासी व्यवस्था तत्काल ठीक कराने और खाली भूखंड की सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 16 की कुछ गलियां भी क्षतिग्रस्त मिलीं।
जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश
सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर प्रभारी मंत्री ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने को कहा।
साथ ही नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी चिन्हित स्थानों से तत्काल कूड़ा हटाया जाए और खराब सीवर, जलभराव तथा क्षतिग्रस्त गलियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।
अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण के निर्देश
सुरेश खन्ना ने कहा कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके की स्थिति की निगरानी करनी होगी।
उन्होंने मुख्य मार्गों, गलियों और खाली प्लॉटों में कूड़ा जमा होने से रोकने तथा नागरिकों की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने साफ किया कि नागरिक सुविधाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।



