50 प्रदर्शन मानकों में 22 पर प्रदेश में पहला स्थान, महिला अपराध और डायल-112 में शत-प्रतिशत सफलता
वाराणसी। अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था में लगातार सुधार के प्रयासों का असर अब CM Dashboard Ranking में भी नजर आने लगा है। अगस्त माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने पांचवां स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में लगातार की जा रही साप्ताहिक समीक्षा और अधिकारियों की प्रभावी मॉनिटरिंग को इस सफलता की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
50 KPI में 22 पर वाराणसी अव्वल
CM Dashboard की रैंकिंग 50 Key Performance Index यानी प्रमुख प्रदर्शन मानकों के आधार पर तैयार की जाती है। वाराणसी कमिश्नरेट ने इनमें 22 मानकों पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि छह अन्य मानकों में टॉप-5 में जगह बनाई है।
इनमें अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं का निस्तारण, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, डायल-112 की प्रतिक्रिया अवधि, महिला अपराध, NDPS एक्ट, गौ तस्करी, SC/ST एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुण्डा एक्ट और न्यायालयों में दोषियों को सजा दिलाने जैसे महत्वपूर्ण मानक शामिल हैं।
महिला अपराध के मामलों में 100 प्रतिशत सफलता
महिला अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के मामले में वाराणसी पुलिस का प्रदर्शन बेहद प्रभावी रहा। हत्या, दुष्कर्म, शीलभंग, अपहरण और दहेज हत्या जैसे मामलों में विवेचना पूरी करने तथा आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के मामले में कमिश्नरेट ने 100 प्रतिशत प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि के चलते वाराणसी पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला। SC/ST एक्ट से जुड़े मामलों में भी विवेचना निस्तारण और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में वाराणसी नंबर-1 रहा।
डायल-112 में भी प्रदेश में अव्वल
आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 के रिस्पांस टाइम में भी वाराणसी ने शानदार प्रदर्शन किया है। अगस्त माह में PRV का औसत रिस्पांस टाइम महज 4.90 मिनट रहा।
इस दौरान 20,191 मामलों में पुलिस ने 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर प्रतिक्रिया दर्ज की। तेज पुलिस रिस्पांस के चलते इस KPI में भी वाराणसी कमिश्नरेट प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
जघन्य अपराध और गैंगस्टर मामलों में भी बेहतर परिणाम
जघन्य अपराधों की विवेचना के निस्तारण में वाराणसी का प्रदर्शन 96.42 प्रतिशत रहा। वहीं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई का प्रतिशत 94.92 दर्ज किया गया। इन उपलब्धियों के आधार पर कमिश्नरेट को प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
गैंगस्टर एक्ट के मामलों में भी पुलिस ने लंबित विवेचनाओं के 98 प्रतिशत निस्तारण के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई का आंकड़ा 99.47 प्रतिशत रहा, जिससे वाराणसी टॉप-5 में शामिल हुआ।
दो साल पहले 70वें स्थान के आसपास था वाराणसी
पुलिस विभाग के अनुसार, वर्ष 2023 और 2024 में वाराणसी की CM Dashboard Ranking प्रदेश के अंतिम दस जिलों में रहती थी। उस समय कमिश्नरेट की रैंकिंग लगभग 70वें स्थान के आसपास थी।
लगातार समीक्षा बैठकों, कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों की पहचान और सुधारात्मक कार्रवाई के चलते पुलिस ने अब प्रदेश के टॉप-5 में जगह बना ली है।
इसके अलावा आबकारी, गुण्डा अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, अग्नि सुरक्षा NOC और विभिन्न नागरिक सेवाओं से संबंधित मामलों में भी वाराणसी पुलिस ने 100 प्रतिशत कार्रवाई दर्ज की है।
पुलिस विभाग ने इस उपलब्धि को टीम वर्क, प्रभावी पर्यवेक्षण और जनसुरक्षा के प्रति लगातार किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताया है।



