जमुई/बिहार। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने और उन्हें सामाजिक बदलाव का सहभागी बनाने के उद्देश्य से रविवार को जमुई शहर के महिसौढ़ी स्थित आवासीय सैनिक पब्लिक स्कूल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत (MY Bharat), जमुई के बैनर तले आयोजित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत : संकल्प अभियान’ में युवाओं ने नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन ‘साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई’ टीम के सहयोग से किया गया। इस दौरान युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशे की आदत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका व्यापक असर पड़ता है।
100 सप्ताह के अभियान का हिस्सा
जिला युवा अधिकारी प्रत्युष सिन्हा ने बताया कि कार्यक्रम केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से संचालित 100 सप्ताह के नशामुक्त युवा अभियान के तहत आयोजित राष्ट्रीय संकल्प समारोह का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक करने के साथ उन्हें सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनाना है। उन्होंने नशामुक्ति के महत्व, युवाओं की जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने की अपील
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केशरी ने कहा कि नशा सिर्फ किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव परिवार और समाज की प्रगति पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने सरकारी स्तर पर चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियानों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।
युवा संवाद में खुलकर हुई चर्चा
कार्यक्रम में युवा संवाद का आयोजन भी किया गया। इसमें युवाओं ने नशे के दुष्प्रभाव, इसकी रोकथाम, जागरूकता के उपाय और पुनर्वास जैसे विषयों पर विचार साझा किए। संवाद के दौरान यह बात सामने आई कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल व्यक्तिगत संकल्प पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार, समुदाय और सामाजिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी भी जरूरी है।
नशामुक्ति विषय पर वाचन प्रस्तुत करने के लिए सृष्टि कुमारी और आलोक कुमार को सम्मानित किया गया।
हस्ताक्षर दीवार पर युवाओं ने दर्ज कराई प्रतिबद्धता
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने ‘नशामुक्ति भारत प्रतिज्ञा’ लेकर स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही हस्ताक्षर दीवार का आयोजन किया गया, जहां युवाओं ने नशामुक्त समाज के समर्थन में हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्ज कराई।
कार्यक्रम का मंच संचालन अभिषेक कुमार झा ने किया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए युवा और विद्यार्थी
कार्यक्रम में भाजपा नेता ब्रजेश सिंह, अजय पासवान, ताहिर अंसारी, विद्यालय संस्थापक सुनील कुमार सिंह, पिरामल फाउंडेशन के प्रफुल्ल, विद्यालय प्राचार्य जय प्रकाश सिंह, ‘साइकिल यात्रा एक विचार’ जमुई के संस्थापक विवेक कुमार, मुंगेर विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य शैलेश भारद्वाज, अभिनव कुमार दुबे, शांतनु सिंह, गोलू कुमार, राकेश कुमार, हर्ष कुमार, प्रीतम कुमार, अभिषेक कुमार झा, राहुल कुमार झा और सृष्टि कुमारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
Tags:
Bihar



