Jamui: बरहट में बनेगी नई नगर पंचायत, चार पंचायतों के 26 वार्ड होंगे शामिल, प्रशासन ने तैयार किया प्रस्ताव

जमुई/बिहार। जिले के बरहट प्रखंड क्षेत्र में शहरीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। प्रखंड की चार पंचायतों के 26 वार्डों को मिलाकर नई नगर पंचायत के गठन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार मिस्त्री की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी।

प्रस्ताव के अनुसार, मलयपुर पंचायत के 13, कटौना के 9, बरियारपुर के 3 और नूमर पंचायत के एक वार्ड को नगर पंचायत में शामिल किया जाएगा। वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक, इस क्षेत्र की करीब 20 हजार आबादी को शहरी सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

बीडीओ अनिल कुमार मिस्त्री ने बताया कि मलयपुर के वार्ड संख्या 4 से 16 तक, कटौना के वार्ड संख्या 4 से 11 तथा 13, बरियारपुर के वार्ड संख्या 5, 6 और 7 एवं नूमर के वार्ड संख्या 2 को प्रस्ताव में शामिल किया गया है। संबंधित वार्डों की भौगोलिक स्थिति, चौहद्दी और जनसंख्या समेत अन्य जानकारियों की रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव नगर विकास विभाग, बिहार सरकार को भेजा जाएगा। अंतिम मंजूरी राज्य सरकार से मिलेगी।

नगर पंचायत बनने से सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। बैठक में प्रखंड प्रमुख रुवेन कुमार सिंह, प्रभारी पंचायत राज पदाधिकारी ऋषिकेश कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
और नया पुराने