जमुई/बिहार। पूर्व राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करने जमुई के कायस्थ समाज के लोग पटना स्थित अन्नपूर्णा भवन पहुंचे। इस दौरान ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के बिहार प्रदेश सचिव अभिषेक कुमार सिन्हा, जमुई जिला अध्यक्ष प्रवीण सिन्हा, प्रभात कुमार सिन्हा तथा पत्नेश्वर धाम मंदिर के मुख्य पुजारी राजीव कुमार पांडेय ने दिवंगत आरके सिन्हा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आरके सिन्हा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक सरोकार, संगठनात्मक क्षमता और सार्वजनिक जीवन के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। उन्होंने राजनीति के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भी अपनी अलग प्रतिष्ठा स्थापित की थी। भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहने के कारण संगठन के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे प्रतिनिधियों ने कहा कि आरके सिन्हा का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके विचार, अनुभव और सामाजिक कार्यों से नई पीढ़ी को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। विशेषकर कायस्थ समाज के संगठन और सामाजिक एकजुटता के लिए उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
इस दौरान सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
Tags:
Bihar

