जमुई/बिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत किऊल नदी स्थित प्रसिद्ध पत्नेश्वर धाम घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की मांग उठने लगी है। प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर इस घाट पर बड़ी संख्या में छठव्रती और श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना आवश्यक है।
पत्नेश्वर धाम के मुख्य पुजारी राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान यहां प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटती है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से भी लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने प्रशासन से छठ महापर्व के दौरान पत्नेश्वर धाम घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की मौजूदगी से भीड़ को नियंत्रित करने में सहूलियत होगी और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे। उन्होंने प्रशासन से समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की है।
Tags:
Bihar

