Jamui: SBI अलीगंज में गोल्ड मेडलिस्ट कुमार शैलेश का भव्य सम्मान, बैंक कर्मियों ने केक काटकर मनाई खुशी

जमुई/बिहार (रिपोर्ट : चंद्रशेखर आजाद) : खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर गोल्ड मेडल हासिल करने वाले जमुई जिला अंतर्गत अलीगंज प्रखंड के कुमार शैलेश को गुरुवार की देर शाम भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अलीगंज शाखा में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बैंक परिवार की ओर से केक काटकर खुशी मनाई गई। शाखा प्रबंधक एवं बैंक कर्मियों ने उन्हें अंगवस्त्र और बुके भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए शाखा प्रबंधक रवि कुमार ने कहा कि कुमार शैलेश ने पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड छलांग लगाकर गोल्ड मेडल हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल अलीगंज प्रखंड, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ा है। शैलेश की सफलता मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति का बेहतरीन उदाहरण है।

सम्मान से अभिभूत गोल्ड मेडलिस्ट कुमार शैलेश ने कहा कि एसबीआई परिवार की ओर से मिले इस सम्मान से वे बेहद खुश हैं। देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा उन्हें हमेशा प्रेरित करता है। उन्होंने संकल्प जताया कि भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

वहीं, बैंक के फील्ड ऑफिसर शशांक सुमन ने कहा कि शैलेश की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी रुचि लेकर आगे बढ़ना चाहिए। मेहनत और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

इस अवसर पर रविशंकर सिंह, साजन कुमार सहित एसबीआई शाखा के सभी बैंक कर्मी उपस्थित थे।
और नया पुराने