जमुई में हुनर हाट का आयोजन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी में दिखी हुनरमंदों की प्रतिभा

जमुई/बिहार। स्थानीय कारीगरों, प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं और हुनरमंद बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जमुई के श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में हुनर हाट हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादन मेले का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के सौजन्य से आयोजित इस मेले में विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां स्थानीय उत्पादों, हस्तनिर्मित सामग्रियों और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी की गई।

प्रशिक्षण के बाद तैयार उत्पादों का हुआ प्रदर्शन

मेले में जन शिक्षण संस्थान द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों के हाथों से तैयार विभिन्न हस्तनिर्मित सामग्रियों को प्रदर्शित किया गया। इन उत्पादों में घरेलू उपयोग की वस्तुओं और सजावटी सामग्रियों के साथ कई आकर्षक हस्तशिल्प शामिल थे। संस्थान का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को हुनरमंद बनाने के साथ उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

बाल गृह के बच्चों की रचनात्मकता ने खींचा ध्यान

मेले का एक विशेष आकर्षण बाल गृह के बच्चों द्वारा तैयार की गई मोमबत्तियां और श्रृंगार सामग्री रहीं। बच्चों की मेहनत, रचनात्मकता और कलात्मक कौशल से तैयार इन सामग्रियों को लोगों ने सराहा। इनके प्रदर्शन और बिक्री के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास भी देखने को मिला।

डीएम और एसपी ने किया स्टॉलों का निरीक्षण

आयोजन के दौरान जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादों की जानकारी ली और खरीदारी कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। बाल गृह की निदेशक काजल मोदी सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थानीय उत्पादों और हस्तनिर्मित सामग्रियों को प्रोत्साहित करने की पहल को सराहनीय बताया।

घनबेरिया का पेड़ा भी रहा आकर्षण

मेले में घनबेरिया के प्रसिद्ध पेड़े के स्टॉल सहित विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से कई स्टॉल लगाए गए थे। स्थानीय खाद्य उत्पादों और हस्तनिर्मित सामग्रियों की विविधता ने मेले को खास बनाया। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने, हुनरमंद लोगों को प्रोत्साहित करने और स्वरोजगार की संभावनाओं को विस्तार देने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अंशुमान, प्रोग्राम ऑफिसर पंकज कुमार सिंह, प्रोग्राम असिस्टेंट विकास रंजन, कुंदन कुमारी, सोनी कुमारी, एकाउंटेंट पंकज रंजन मिश्रा और डाटा ऑपरेटर चंदन कुमार रजक सहित संस्थान के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
और नया पुराने