पटना/बिहार। बिहार सरकार ने चित्रगुप्त पूजा एवं भाई दूज के अवसर पर घोषित सरकारी अवकाश की तिथि में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार अब राज्य में 10 नवंबर के स्थान पर 11 नवंबर 2026 (बुधवार) को अवकाश रहेगा। इससे पहले इस पर्व के लिए 10 नवंबर (मंगलवार) को कार्यपालक आदेश के तहत छुट्टी घोषित की गई थी।
कायस्थ संगठनों ने की थी तारीख बदलने की मांग
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, पटना ने 27 अक्टूबर 2026 को पत्र भेजकर चित्रगुप्त पूजा के अवकाश की तिथि में बदलाव का अनुरोध किया था। इसके बाद ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस की ओर से भी 4 नवंबर 2026 को इसी संबंध में विभाग को पत्र सौंपा गया। दोनों संगठनों ने 10 नवंबर के बजाय 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा का अवकाश घोषित करने की मांग की थी।
सरकार ने जारी किया संशोधित आदेश
मामले पर सम्यक् विचार करने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने पूर्व में जारी अधिसूचना में संशोधन करते हुए 11 नवंबर 2026 (बुधवार) को अवकाश घोषित कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 के लिए घोषित अवकाशों की सूची में क्रमांक 11 को इसी अनुसार संशोधित माना जाएगा।
राजपत्र में प्रकाशन के लिए भेजी गई अधिसूचना
यह आदेश बिहार के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। अधिसूचना पर सरकार के अपर सचिव रजनीश कुमार के हस्ताक्षर हैं। विभाग ने इसकी प्रतिलिपि वित्त विभाग के ई-गजट कोषांग को बिहार राजपत्र के असाधारण अंक में प्रकाशन के लिए भी भेज दी है।
इस फैसले के बाद बिहार में चित्रगुप्त पूजा एवं भाई दूज के अवसर पर सरकारी अवकाश अब बुधवार, 11 नवंबर को रहेगा।
Tags:
Bihar

