NH-19 पर टला बड़ा हादसा, चलती बस के पिछले हिस्से से उठने लगा धुआं; चालक की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

रोहतास/बिहार। रांची से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी विजय रथ बस गुरुवार की रात एनएच-19 पर अचानक हादसे का शिकार होते-होते बच गई। घोरघट गेट के समीप बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देख यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय से संभावित बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

धुआं उठते ही चालक ने रोकी बस

जानकारी के अनुसार, विजय रथ बस रांची से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। यात्रियों ने स्थिति भांपते ही शोर मचाना शुरू कर दिया। खतरे को समझते हुए चालक ने बिना समय गंवाए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। यात्रियों के सामान को भी बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में बस को मामूली नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण बस में सवार सभी यात्रियों की जान सुरक्षित रही।

देशभर में अगलगी की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, आवासीय भवनों और औद्योगिक इकाइयों में हुई अगलगी की घटनाओं ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। बिहार में भी पटना के अस्पताल और शैक्षणिक संस्थान से लेकर मोतिहारी और मुजफ्फरपुर तक आग की घटनाओं में जान-माल का नुकसान हुआ है।

देश के अन्य राज्यों में ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज, दिल्ली के पालम और मालवीय नगर तथा तमिलनाडु के विरुधुनगर में हुई अगलगी की घटनाएं भी सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को उजागर करती हैं।

अग्नि सुरक्षा को लेकर सतर्कता जरूरी

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच सार्वजनिक परिवहन के साधनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। यात्री बसों में अग्निशमन यंत्र, वायरिंग और ईंधन प्रणाली की नियमित जांच के साथ आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

फिलहाल रोहतास की इस घटना में चालक की तत्परता यात्रियों के लिए सुरक्षा कवच साबित हुई। थोड़ी-सी देरी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
और नया पुराने