छठ पूजा से पहले काशी में प्रशासन अलर्ट! अस्सी से रामनगर तक घाटों पर उतरकर नगर आयुक्त ने जांचीं तैयारियां


15-16 नवंबर को गंगा घाटों पर जुटेंगे व्रती और श्रद्धालु, सफाई, सुरक्षा, रोशनी और सुविधाओं को लेकर नगर निगम ने तेज किया अभियान

वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धर्मनगरी काशी में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए नगर निगम ने घाटों से लेकर कुंडों और तालाबों तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अस्सी घाट से रामनगर तक विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा से पहले सभी प्रमुख घाटों पर सफाई, प्रकाश, पेयजल, चेंजिंग रूम और सुरक्षा संबंधी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

गंगा घाटों के साथ कुंडों और तालाबों पर भी विशेष अभियान

नगर निगम की ओर से नमो घाट, सामने घाट, रामनगर के घाटों और वरुणा नदी के पक्के घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर के प्रमुख कुंडों और तालाबों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। घाटों पर जमा गाद, मलबा और कूड़ा हटाने के साथ संपर्क मार्गों को भी साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए हैं।

महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, जगह-जगह मिलेंगे पेयजल के इंतजाम

छठ पूजा में बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों की भागीदारी को देखते हुए प्रमुख घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम और मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराने की तैयारी है। जलकल विभाग को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर लगाने को कहा गया है। प्रकाश विभाग को घाटों और आसपास के रास्तों पर स्ट्रीट लाइट तथा हाईमास्ट लाइट दुरुस्त करने के निर्देश मिले हैं।

खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, फिसलन वाले रास्तों पर बिछेगी बालू

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नगर निगम ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। घाटों और जलाशयों में पानी की गहराई का आकलन कर जोखिम वाले स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। वहीं दलदली और फिसलन वाले हिस्सों में बालू से भरी बोरियां रखी जाएंगी, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन में मदद मिल सके। घाटों के आसपास छुट्टा पशुओं को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग को दी गई है।

अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को मिली कमान

नगर आयुक्त ने सभी अभियंताओं और स्वास्थ्य निरीक्षकों को नियमित रूप से मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा है। जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की निगरानी करनी होगी। पूरे अभियान के समन्वय और निगरानी के लिए अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को ओवरऑल नोडल अधिकारी बनाया गया है।

15 और 16 नवंबर को होगी तैयारियों की असली परीक्षा

छठ महापर्व के अवसर पर 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए गंगा घाटों, कुंडों और अन्य पूजा स्थलों पर पहुंचेंगे। ऐसे में नगर निगम के सामने घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को निर्बाध रूप से संचालित करने की चुनौती होगी।

समस्या या शिकायत के लिए नगर निगम हेल्पलाइन नंबर: 1533

और नया पुराने