Subscribe Us

Header Ads

"संस्कृति उत्सव" के माध्यम से उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की खोज करेगी सरकार

लखनऊ/उत्तर प्रदेश, 7 दिसंबर 2023, गुरुवार। उत्तर प्रदेश के उभरते कलाकारों और समस्त विधाओं के संरक्षण एवं प्रचार प्रसार के लिए योगी सरकार 25 दिसंबर से 26 जनवरी 2024 तक 'हमारी संस्कृति, हमारी पहचान सांस्कृतिक महोत्सव' का आयोजन करने जा रही है।

महोत्सव की शुरुआत गांव, पंचायत, ब्लॉक एवं तहसील स्तर के कलाकारों की प्रतियोगिता से होगी। समापन समारोह उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 24-26 जनवरी 2024 के मध्य लखनऊ में किया जाएगा। इसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार संस्कृति उत्सव 2023 की प्रस्तावित समय सारिणी के अनुसार 25 से 30 दिसंबर 2023 तक तहसील मुख्यालयों में गांव, पंचायत, ब्लॉक एवं तहसील स्तर के कलाकारों की प्रतियोगिता का आयोजन होगा।

1 जनवरी से 5 जनवरी 2024 के मध्य जनपद मुख्यालयों में तहसील स्तर के चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 10 से 15 जनवरी 2024 तक मंडलीय मुख्यालय में जनपद स्तर के चयनित कलाकारों के बीच मुकाबला होगा, जबकि 20 से 21 जनवरी 2024 तक राजधानी मुख्यालय यानी लखनऊ में मंडल स्तर के चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता होगी।

23 जनवरी 2024 को लखनऊ में संपन्न प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों का उत्तर प्रदेश पर्व में प्रतिभाग के लिए पूर्वाभ्यास होगा, जबकि 24 से 26 जनवरी 2024 तक उत्तर प्रदेश पर्व के अवसर पर अंतिम रूप से चयनित सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां, सम्मान एवं पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा।