Jamui: चैती दुर्गा पूजा व रामनवमी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, DM-SP ने किया फ्लैग मार्च

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 4 अप्रैल 2025, शुक्रवार : जमुई में चैती दुर्गा पूजा और रामनवमी के अवसर पर शांति और सुरक्षा कायम रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने एक भव्य फ्लैग मार्च का आयोजन किया। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम से शुरू होकर शहर के विभिन्न बाजारों और मोहल्लों से होते हुए समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस ने अपनी सक्रियता और चौकसी का प्रदर्शन किया और लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया।

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण और परंपरागत तरीके से मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद ने कहा कि बदमाशों पर खास नजर रखी जा रही है। किसी भी सूरत पर कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रमुख पूजा स्थलों, बाजारों , भीड़-भाड़ वाले इलाकों एवं चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। उन्होंने नामित स्थानों पर सीसीटीवी के साथ अत्याधुनिक तकनीक से मॉनिटरिंग की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी दृष्टि रखी जा रही है। संपूर्ण जिला में विधि व्यवस्था कायम रखने के लिए यथोचित संख्या में जवानों को तैनात किया जाएगा। सभी थाना पुलिस को सघन गश्ती करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष लगातार 24 घंटे कार्यरत रहेगा। उन्होंने त्यौहार को नियम संगत ढंग से मनाए जाने का संदेश दिया। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशासन के लिए आप वांछित सहयोग दें।

इस फ्लैग मार्च में एसडीएम जमुई , एएसपी जमुई , एसडीपीओ जमुई , डीएसपी मुख्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी जमुई, अंचलाधिकारी जमुई समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया।
और नया पुराने