लखीसराय/बिहार, 25 मई 2025, रविवार : राष्ट्रीय बंधुत्व (भाई) दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा लखीसराय के केआरके उच्च विद्यालय मैदान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर देव वृक्षों—पीपल, गूलर, बड़हर—सहित शरीफा, नीम जैसे फलदार व औषधीय पौधों के कुल 9 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी श्री दिनेश मल्लिक ने किया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने जनसंख्या वृद्धि और जंगलों की अंधाधुंध कटाई को जलवायु परिवर्तन का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में बंगलुरु, नोएडा और दिल्ली में आई भीषण बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जो जलवायु परिवर्तन का स्पष्ट संकेत है। चक्रवात, भूस्खलन और बज्रपात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचने का एकमात्र उपाय है—अधिक से अधिक पेड़ लगाना। शाण्डिल्य ने हर व्यक्ति से आह्वान किया कि वह अपने आसपास कम से कम 10 पेड़ अवश्य लगाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि 24 मई 2005 को अमेरिका के सी. डैनियल रोड्स द्वारा ‘नेशनल ब्रदरहुड डे’ की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य था भाईयों के पारिवारिक योगदान की सराहना करना। भारतीय संस्कृति में भी भाईचारे की अनेक प्रेरणादायक कहानियाँ मिलती हैं—श्रीराम-लक्ष्मण-भरत-शत्रुघ्न की एकता, विभीषण के अपमान के कारण रावण का पतन, लव-कुश की वीरता, पांडवों की संगठन शक्ति आदि सभी भाईचारे की महान मिसालें हैं।
महान चिंतक मार्टिन लूथर किंग जूनियर का यह कथन, "हमें भाईयों की तरह एक साथ रहना चाहिए, वरना मूर्खों की तरह नष्ट हो जाएंगे", इस दिन के महत्व को और भी गहराई से दर्शाता है। वहीं जोलेन पेरी ने कहा, "भाई अंधेरे में भी एक-दूसरे को भटकने नहीं देते।"
शाण्डिल्य ने आगे कहा कि भाईयों का संबंध केवल रक्त का नहीं होता—चचेरा, ममेरा, फुफेरा, मौसेरा और मुँहबोला भाई भी जीवन में वही स्थान रखते हैं। वे कठिन समय में हमारी ढाल बनकर खड़े रहते हैं। ऐसे संबंधों की सराहना करना और उन्हें सम्मान देना राष्ट्रीय बंधुत्व दिवस का उद्देश्य है। इस दिन पर वृक्षारोपण जैसे कार्य सामाजिक और पर्यावरणीय चेतना को मजबूती प्रदान करते हैं।
इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रमुख लोग में दिनेश मल्लिक, रघुवंश प्रसाद, भगवान लहेड़ी, आशीष कुमार साह, गुलशन कुमार, मनतोष कुमार, राम बिलास शाण्डिल्य, अल्तमस, मिथिलेश, रोहन, शुभम, राज, अविनाश, दीप शंकर, कन्हैया, मुरारी, लव, अमित, सुमन, ऋषिकेश, लक्ष्मण और आकाश शामिल थे।
Tags:
Bihar