पटना/बिहार। बिहार की कुशवाहा राजनीति इन दिनों लगातार सुर्खियों में है। इसी कड़ी में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा को लेकर एक नई राजनीतिक हलचल सामने आई है। 2020 में रेणु कुशवाहा ने खगड़िया विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से वे राजनीतिक रूप से स्वतंत्र थीं।
पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि वे कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं, लेकिन अब सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है कि रेणु कुशवाहा जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थाम सकती हैं। बताया जा रहा है कि उनकी बातचीत लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से हो चुकी है और वे इसी जून महीने में राजद में शामिल हो सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार, रेणु कुशवाहा खगड़िया या बिहारीगंज विधानसभा सीट से आगामी चुनाव लड़ सकती हैं। वर्तमान में खगड़िया सीट पर कांग्रेस के छत्रपति यादव विधायक हैं, लेकिन वे हसनपुर जाने की तैयारी में हैं। हालांकि, हसनपुर सीट पर तेजप्रताप यादव की स्थिति क्या होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इधर, हसनपुर के पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम भी अपनी पत्नी के लिए राजद से टिकट की मांग कर रहे हैं।
बिहार में कुशवाहा समुदाय की राजनीति इस समय चरम पर है। 24 जून को पटना में निशिकांत कुशवाहा द्वारा नई पार्टी के गठन की घोषणा की जाएगी, जिससे राजनीतिक समीकरण और भी गर्माएंगे। वहीं, बीती रात उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने की खबर भी सामने आई है। इस बीच, सम्राट चौधरी कुशवाहा वोट बैंक को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर आकर्षित करने में जुटे हुए हैं, जबकि जनता दल यूनाइटेड (JDU) इस पूरे घटनाक्रम में फिलहाल उदासीन नजर आ रही है।
बिहार की कुशवाहा राजनीति में अगले कुछ दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सभी की निगाहें अब रेणु कुशवाहा के अगले कदम पर टिकी हैं।
Tags:
Bihar