जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 5 जून 2025, गुरुवार : जमुई जिले के बरूअट्टा ग्राम स्थित ठाकुरबाड़ी प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय भगवान चित्रगुप्त जी की प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ गुरुवार को विधिपूर्वक संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे वातावरण को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया।
पूरे अनुष्ठान की अगुवाई पुजारी महेश पांडेय ने की, जिन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ एवं पूजन क्रियाओं को विधिवत संपन्न कराया। तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 3 जून, मंगलवार को भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर गांव की परिक्रमा कीं।
4 जून, बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए अन्न-रस प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसी दिन आयोजन में विशेष रौनक तब आई जब जमुई की लोकप्रिय विधायक सुश्री श्रेयसी सिंह का आगमन हुआ। उन्होंने भगवान चित्रगुप्त जी के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए समाज में एकता और धार्मिक चेतना को बनाए रखने की अपील की।
इस धार्मिक आयोजन में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (GKC) की सक्रिय भागीदारी रही। जीकेसी जमुई के जिलाध्यक्ष प्रवीण सिन्हा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में जिला कोषाध्यक्ष सत्येंद्र शंकर प्रसाद, उपाध्यक्ष विकास सिन्हा, लीगल सेल के उपाध्यक्ष राजेश सिन्हा, पंकज श्रीवास्तव, नीलमणि सहाय सहित कई कायस्थ समाज के वरिष्ठ जन और स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक भावनाओं के साथ-साथ सामाजिक समरसता का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त जी से समाज में न्याय, सद्भाव और प्रगति की कामना की।
Tags:
Bihar