झाझा/जमुई। शुक्रवार को झाझा रेलवे मैदान परिसर में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देववृक्ष पीपल के पाँच एवं गूलर का एक पौधा रोपित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी प्रवीण कुमार सूर्य ने किया, जबकि प्रसिद्ध समाजसेवी एवं झाझा नगर के "पेड़ उपक्रम" प्रमुख शंभु प्रसाद बर्णवाल ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अभियान की शुरुआत झाझा नगर के माननीय संघचालक एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य नरेश लाल कर्ण के मार्गदर्शन में हुई। उन्होंने कहा, "भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के शुभ अवसर पर झाझा नगरवासियों को पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए। हर परिवार कम-से-कम 10 पेड़ लगाए और पाँच वर्षों तक उनकी देखभाल करे, तभी हम एक सुरक्षित और हरित भविष्य की ओर अग्रसर हो सकते हैं।"
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि संस्था वर्ष 2008 से पर्यावरण संरक्षण के लिए सतत वृक्षारोपण अभियान चला रही है। उन्होंने चेताया कि, "ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के कारण प्राकृतिक आपदाएँ बढ़ रही हैं। गुजरात के सूरत, नवसारी, जूनागढ़, हिमाचल के कुल्लू, उत्तराखंड, और महाराष्ट्र में हालिया बाढ़ और भूस्खलन इसका प्रमाण हैं। जंगलों की अंधाधुंध कटाई, प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी और कोविड-19 जैसी महामारियाँ भी हमें चेतावनी देती हैं कि यदि अब भी नहीं जागे, तो भविष्य भयावह होगा।" उन्होंने जोर देते हुए कहा, "वृक्षारोपण करें, जीवन बचाएँ।"
इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के धार्मिक महत्व को भी रेखांकित किया गया। शाण्डिल्य ने बताया कि रथ यात्रा का आयोजन प्रतिवर्ष आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को होता है। "इस दिन भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा मंदिर से मौसी के घर (गुंडिचा मंदिर) की यात्रा पर निकलते हैं और नौ दिन बाद लौटते हैं। यह यात्रा अब वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध हो चुकी है और पुरी (ओडिशा) में इसे देखने देश-विदेश से श्रद्धालु जुटते हैं।"
पवित्र रथ यात्रा के उपलक्ष्य में देववृक्षों का रोपण एक पुनीत कार्य माना गया, जिसमें नगर के कई पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में नरेश लाल कर्ण, शंभु प्रसाद बर्णवाल, प्रवीण कुमार सूर्य, राम बिलास शाण्डिल्य, सौरभ कुमार, पिंटू, योगेन्द्र साव, अमन कुमार, संजीत कुमार बर्णवाल और शुभम कुमार बर्णवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
Tags:
Bihar