रांची/झारखंड : राज्य में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और बिहार से निकलकर झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहे चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले दो दिनों तक झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अनुमान है। इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आगामी 12 घंटों में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र और अधिक सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से 6 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, रांची, चतरा, पलामू, लातेहार, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिलों में मध्यम से भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
7 जुलाई को भी जारी रहेगा असर
मौसम विभाग ने 7 जुलाई को भी खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही आम जनता को सावधान रहने और आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
8 और 9 जुलाई को वज्रपात की आशंका
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 8 और 9 जुलाई को राज्य के कुछ इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। इन दोनों दिनों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक सामान्य से अधिक वर्षा
राज्य में 1 जून से अब तक 404 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो कि सामान्य औसत 236.1 मिमी से करीब 71% अधिक है। राजधानी रांची में अब तक 641.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षापात 243.2 मिमी है।
शनिवार को रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बोकारो में सबसे अधिक 10 मिमी, रांची में 8 मिमी, मेदिनीनगर में 6 मिमी, सिमडेगा में 4 मिमी और गुमला में 2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने नागरिकों को अत्यधिक सतर्क रहने, बिजली गिरने के समय खुले में न निकलने, पेड़ों व कमजोर ढांचों से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
Tags:
Jharkhand