पटना/बिहार। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने बिहार में संगठन विस्तार करते हुए धनंजय कुमार सिन्हा को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पांडेय द्वारा जारी पत्र में इस मनोनयन की औपचारिक घोषणा की गई। यह नियुक्ति बिहार में वैकल्पिक राजनीति के एक सशक्त चेहरे को जिम्मेदारी सौंपने के रूप में देखा जा रहा है।
धनंजय कुमार सिन्हा पूर्व में आम आदमी पार्टी के बिहार मीडिया प्रभारी और जनसुराज अभियान के प्रथम मुख्यालय प्रभारी रह चुके हैं। साथ ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय हैं। उनकी पारदर्शी कार्यशैली और जनसरोकारों से जुड़ी सोच को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण भूमिका दी है।
नियुक्ति के बाद मीडिया से बातचीत में धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा —
सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) प्रदेश की 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और समाज के वंचित, हाशिए पर खड़े वर्गों की आवाज बनेगी। पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन अगस्त में पटना में आयोजित होगा, जिसमें चुनावी एजेंडे और जनहित के मुद्दों पर फोकस किया जाएगा। पार्टी पूरी तरह जमीनी मुद्दों पर आधारित राजनीति को बढ़ावा देगी और संगठन को हर गांव तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
उनके मनोनयन पर समर्थकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है और शुभकामनाएं दी हैं। सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने प्रदेश स्तर पर संगठन को सक्रिय और मजबूत करने के लिए अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की है। नई समिति में ओम प्रकाश पोद्दार को भी महासचिव बनाया गया है, जबकि दुखी लाल यादव और भिखारी पासवान को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। बिंदु कुमारी और बालेश्वर यादव को सचिव नियुक्त किया गया है। नशूर अजमल को कोषाध्यक्ष की भूमिका सौंपी गई है।
प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर शशिकांत प्रसाद को चुना गया है। प्रचार-प्रसार और मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी आलोक कुमार और अमिताभ कृष्ण को सौंपी गई है, जो संयुक्त रूप से प्रदेश मीडिया प्रभारी के रूप में काम करेंगे। पार्टी से संबद्ध संगठनों के लिए भी समन्वयकों की घोषणा की गई है। आशीष रंजन को सोशलिस्ट किसान सभा, राजीव कुमार को सोशलिस्ट युवजन सभा और इंद्रजीत को सोशलिस्ट स्टूडेण्ट्स यूनियन का समन्वयक बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह नवगठित टीम आगामी चुनावों में पार्टी की उपस्थिति को सशक्त बनाएगी और वैकल्पिक, मूल्य आधारित राजनीति को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।
Tags:
Bihar