पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सोनपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे भाजपा नेता ओम कुमार सिंह ने पटना में पार्टी के सह-चुनाव प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस मुलाकात के दौरान ओम कुमार सिंह ने सोनपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मौर्य को बताया कि क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मज़बूत हुई है। साथ ही, अब तक चलाए गए जनसंपर्क अभियानों और सामाजिक पहलों की जानकारी भी दी।
गौरतलब है कि ओम कुमार सिंह बीते कई वर्षों से सोनपुर क्षेत्र में भाजपा का चेहरा बने हुए हैं। गरीब कन्याओं के विवाह से लेकर प्राकृतिक आपदा के समय राहत कार्य तक, वे हमेशा जनता के बीच खड़े रहे हैं। यही सक्रियता और जनाधार उन्हें आगामी चुनाव में भाजपा का सबसे प्रबल दावेदार बनाती है।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि पार्टी यदि सोनपुर विधानसभा से मज़बूत और स्वीकार्य उम्मीदवार उतारना चाहती है, तो ओम कुमार सिंह सबसे उपयुक्त विकल्प साबित हो सकते हैं।
भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं में भी इस मुलाकात को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह बैठक आने वाले समय में सोनपुर सीट के चुनावी समीकरण को और स्पष्ट कर सकती है।
Tags:
Bihar