जमुई/बिहार। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के तहत बुधवार को जमुई शहर का श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम ऐतिहासिक जनसमूह का साक्षी बना। भारत सरकार के रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी श्रेयसी सिंह के समर्थन में यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके मंच पर आते ही मैदान “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
राजनाथ सिंह ने अपने 21 मिनट के भाषण की शुरुआत जमुई की जनता से आत्मीय संवाद के साथ की — “क्या हाल बा, भालो छय?” — इस पर जनता ने उत्साह और जयकारे के साथ जवाब दिया, जिससे पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
श्रेयसी सिंह के भाषण से गर्वित हुए राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने कहा कि श्रेयसी सिंह केवल जमुई की नहीं, बल्कि बिहार की बेटी हैं, जिन्होंने अपने आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से सबका दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा—
श्रेयसी सिंह हमारे प्रिय साथी दिग्विजय सिंह की बेटी हैं। आज जिस निडरता और आत्मविश्वास से उन्होंने मंच से जनता को संबोधित किया, उससे मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया।
उन्होंने आगे कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में पिछले दो दशकों में विकास और सुशासन की जो नई मिसाल कायम की है, वह पूरे देश के लिए उदाहरण है।
आज बिहार बदल चुका है। जब लोग एनडीए के बिहार की बात करते हैं, तो गर्व से कहते हैं — आइए न हमारे विकसित बिहार में। लेकिन राजद के लोग कहेंगे — आइए न हमारे बिहार में, ठोक देंगे कट्टा कपार में!
“एनडीए ने दी सुशासन और सुरक्षा की नई परिभाषा”
राजनाथ सिंह ने राजद शासनकाल के अपराध और भय की राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब लगता था बिहार से लोकलाज समाप्त हो गया है। लेकिन एनडीए की सरकार ने सुशासन, विकास और पारदर्शिता की नई परंपरा शुरू की है।
उन्होंने आतंकवाद पर भारत की सख्त नीति का जिक्र करते हुए कहा—
पहलगाम हमले में आतंकवादियों ने धर्म देखकर भारतीयों की हत्या की, लेकिन हमने कर्म देखकर उनके नौ ठिकाने तबाह कर दिए। भारत को जो छेड़ेगा, उसे छोड़ेगा नहीं। ऑपरेशन सिंदूर अभी समाप्त नहीं हुआ, बस स्थगित है।
एनडीए के घोषणा पत्र पर किया भरोसा
रक्षा मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेगी। उन्होंने जमुई की जनता से श्रेयसी सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि बिहार का भविष्य स्थिर, मजबूत और सुरक्षित हाथों में होना चाहिए।
भावुक हुईं श्रेयसी सिंह
सभा के अंत में भाजपा प्रत्याशी श्रेयसी सिंह ने अपने संबोधन में पिता दिग्विजय सिंह को याद करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा—
जमुई की जनता ने बेटी का सिर झुकने नहीं दिया। मैंने जो भी विकास कार्य किए हैं, आज उसी का हिसाब जनता से मांग रही हूं। यह धरती मेरे पिता के सपनों की है, मैं उस सपने को पूरा करने के लिए समर्पित हूं।
उनका भाषण “भारत माता की जय” और “जय जमुई” के नारों के बीच समाप्त हुआ।
मंच पर दिखी एनडीए की एकजुटता
इस मौके पर यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, देवरिया के विधायक सुलभ मणि त्रिपाठी, और एनडीए गठबंधन के पांचों जिलाध्यक्ष मंच पर मौजूद रहे। पूरा मैदान लोगों से खचाखच भरा रहा। भीड़ में युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक था।
जमुई की यह जनसभा न केवल श्रेयसी सिंह के लिए समर्थन की लहर लेकर आई, बल्कि एनडीए की ताकत और जनता के भरोसे का भी प्रदर्शन बन गई।
Tags:
Bihar

