जमुई/बिहार। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जमुई विधानसभा क्षेत्र-241 के अंतर्गत प्रखंड कार्यालय परिसर में एक भव्य मतदाता शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा डीपीएम, महिला विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों और सेविकाओं को लोकतंत्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखते हुए सभी को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से मतदान में भाग लेना चाहिए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि प्रत्येक मतदाता किसी भी प्रकार के धर्म, जाति, वर्ग, भाषा अथवा प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का निर्भीक होकर प्रयोग करें। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने उपस्थित सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं और पर्यवेक्षिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर दस्तक अभियान के माध्यम से महिलाओं, युवाओं और नए मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराएँ।
उन्होंने कहा कि आगामी 11 नवंबर 2025 को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना ही लोकतंत्र की सच्ची सेवा होगी। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएँ, सभी सेविकाएँ, तथा प्रखंड कार्यालय के कर्मी भी मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में शपथ दोहराई कि वे मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे और क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम निरंतर चलाएंगे ताकि विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफल रूप से संपन्न हो सके। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहाँ सभी उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
Tags:
Bihar
