जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), देसी खबर (Desi Khabar), 27 जुलाई 2026, सोमवार : ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस (जीकेसी), जमुई जिला इकाई की महत्वपूर्ण जिला कार्यकारिणी बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिन्हा के निज आवास पर उनकी अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने, जिला कार्यालय के स्थानांतरण तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026 के नए सत्र के लिए व्यापक सदस्यता अभियान का शुभारंभ सोमवार, 27 जुलाई 2026 से किया जाएगा। अभियान के तहत प्रतिदिन संध्या 7 बजे शहर के अलग-अलग मोहल्लों में जाकर चित्रांश समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि केवल नगर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि जिले के सभी प्रखंडों में भी सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रखंडों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर दौरे की तिथि निर्धारित की जाएगी। प्रखंड स्तर पर बैठकें आयोजित कर समाज के लोगों को संगठन की विचारधारा एवं उद्देश्यों से जोड़ते हुए नए सदस्यों को शामिल किया जाएगा।
बैठक के दौरान जमुई शहर में देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाएं स्थापित कराने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्श समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं तथा उनकी स्मृति को स्थायी रूप से संरक्षित करने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से जिला कार्यालय को कृष्णपट्टी से स्थानांतरित कर सिरचंद नवादा स्थित जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिन्हा के निज आवास पर संचालित करने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। अब से ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस, जमुई के सभी प्रशासनिक एवं संगठनात्मक कार्य इसी कार्यालय से संचालित किए जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा -
संगठन का उद्देश्य समाज को एकजुट करना, युवाओं को नेतृत्व से जोड़ना तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य रूप से निरंजन कुमार सिन्हा, संजीव सिन्हा, प्रभात सिन्हा, सत्येंद्र सिन्हा, अभिषेक सिन्हा सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन के विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
Tags:
Bihar




