Jamui: DM की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में हुए महत्वपूर्ण निर्णय, लंबित आवेदनों के निस्तारण में तेजी लाने का निर्देश

जमुई/बिहार। जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभा कक्ष में जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों के पदाधिकारी तथा तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों में लंबित मामलों की समीक्षा करना और जनता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु दिशा-निर्देश जारी करना था।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री जनता दरबार, सीपीग्राम, जिला पदाधिकारी जनता दरबार, आयुक्त कार्यालय और उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि पुलिस, राजस्व तथा शिक्षा विभागों में सर्वाधिक लंबित आवेदन पाए गए, जिनके निस्तारण में तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों का निपटारा सर्वोच्च प्राथमिकता पर करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करें।

ठंड और शीतलहर की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन शाखा की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने तथा सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। साथ ही सिविल सर्जन को स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था सुदृढ़ करने और आवश्यक प्रबंधन करने का निर्देश भी दिया।

बैठक में मनरेगा, इंदिरा आवास सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपनी-अपनी संपत्तियों की सूची तैयार करते हुए रजिस्टर बनाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जिले में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने और स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बाल मुकुंद प्रसाद, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल रमण, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनील कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, स्थापना उप समाहर्ता नागमणि कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
और नया पुराने