जमुई/बिहार। मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह के पकरी स्थित निजी आवास पर कार्यकर्ता मिलन सह चूड़ा-दही भोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में एनडीए से जुड़े नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों की भारी उपस्थिति रही। पूरे परिसर में उत्सव, सौहार्द और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केसरी, लोजपा (रामविलास) जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, भाजपा नेता कन्हैया सिंह, विकास प्रसाद सिंह, बृजनंदन सिंह, राजीव रंजन भालोटिया, मनोज बाबू, अशोक बाबू, नीतीश कुमार, सुनील वर्णवाल, सुजीत, अजय सिंह, गुरुदयाल यादव, राजीव रंजन पांडेय सहित चकाई विधानसभा क्षेत्र, जमुई जिला एवं संपूर्ण अंग क्षेत्र से एनडीए के हजारों कार्यकर्ता और सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों का आत्मीय स्वागत किया और पारंपरिक चूड़ा-दही भोज के माध्यम से मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद हुआ और संगठनात्मक मजबूती तथा सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा की गई।
पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं बल्कि आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति और स्नेह से यह आयोजन सफल रहा। अंत में उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
Tags:
Bihar


